पटना में सचिवालय कर्मियों के लिए इलेक्ट्रिक और पिंक बस शुरू, परिवहन मंत्री दामोदर राउत ने हरी झंडी दिखाकर बस को किया रवाना, जानिए किन 5 रूटों पर होगा परिचालन
सचिवालय कर्मियों के लिए इलेक्ट्रिक और पिंक बस शुरू, परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने हरी झंडी दिखाकर इलेक्ट्रिक और पिंक बसों को रवाना किया.
पटना: पटना में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पेट्रोल डीजल की खपत घटाने के उद्देश्य से आज से इलेक्ट्रिक बस की शुरुआत की गई है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से सचिवालय कर्मियों के लिए विशेष इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा की शुरुआत की गई. आज सचिवालय से विशेष इलेक्ट्रिक एवं पिंक बस सेवा का शुभारंभ किया गया।

परिवहन मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने हरी झंडी दिखाकर इलेक्ट्रिक और पिंक बसों को रवाना किया. मंत्री ने कहा कि हर रोज हजारों की संख्या में सचिवालय कर्मी प्राइवेट गाड़ी से आना-जाना करते हैं, जिससे ट्रैफिक दबाव के साथ-साथ पेट्रोल-डीजल की खपत भी बढ़ती है. विशेष इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा शुरू होने से सरकारी कर्मियों को सुरक्षित, किफायती, सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन विकल्प मिलेगा. इससे प्राइवेट गाड़ियों पर निर्भरता कम होगी और ईंधन की बचत को बढ़ावा मिलेगा.
परिवहन सचिव राज कुमार ने कहा कि सचिवालय विशेष इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा का उद्देश्य सरकारी कर्मियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा ने कहा कि इस विशेष सेवा के तहत पटना के विभिन्न पांच प्रमुख रूटों पर कुल 25 बसों का परिचालन शुरू किया गया है, जिसमें 15 इलेक्ट्रिक बसें और 10 पिंक बसें शामिल हैं. ये बसें हर रोज सचिवालय आने-जाने वाले कर्मियों के लिए संचालित होंगी.
इन रूटों पर होगा बसों का परिचालन
- पटना जंक्शन स्थित मल्टी मॉडल हब से सचिवालय- यह सेवा मल्टी मॉडल हब से शुरू होकर आर ब्लॉक, इनकम टैक्स, विद्युत भवन, पटना उच्च न्यायालय और बिहार म्यूजियम होते हुए सचिवालय तक संचालित होगी. मल्टी मॉडल हब से सुबह 8.30 बजे, 8.40 बजे और 8.45 बस सचिवालय के लिए खुलेगी.
- गांधी मैदान से सचिवालय भाया दानापुर स्टेशन- यह सेवा गांधी मैदान से शुरू होकर डाकबंगला चौराहा, इनकम टैक्स, हाईकोर्ट और बिहार म्यूजियम होते हुए विश्वेशरैया भवन जायेगी. गांधी मैदान से सुबह 8.45 बजे और सुबह 9.00 बजे बस खुलेगी.
- दानापुर स्टेशन से सचिवालय भाया सगुना मोड़- यह सेवा दानापुर स्टेशन से शुरू होकर सगुना मोड़, आरपीएस मोड़, गोला रोड, जगदेव पथ, आशियाना नगर, आईजीआईएमएस, शेखपुरा मोड़ और चिड़ियाघर होते हुए सचिवालय तक पहुंचेगी. इस रूट पर सुबह 8.15 बजे, 8.25 बजे और 8.30 बजे बस खुलेगी.
- धनुकी मोड़ से सचिवालय भाया कंकड़बाग कॉलोनी मोड़- यह विशेष सेवा धनुकी मोड़ से शुरू होकर कुम्हरार, भूतनाथ रोड, एनएमसीएच, राजेंद्र नगर टर्मिनल, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़, करबिगहिया स्टेशन एवं आर ब्लॉक होते हुए विकास भवन तक संचालित होगी. इस रुट पर सुबह 8.20 बजे और सुबह 8.25 बजे बस खुलेगी.
- कुर्जी से सचिवालय तक पिंक बस सेवा- यह सेवा कुर्जी से शुरू होकर पी एंड एम मॉल, साईं मंदिर, पाटलिपुत्र कॉलोनी गोलंबर, ए.एन. कॉलेज, बोरिंग रोड चौराहा और हड़ताली मोड़ होते हुए सचिवालय तक संचालित होगी. कुर्जी से सुबह 8.45 बजे खुलेगी और सुबह 9.11 बजे सचिवालय पहुंचेगी.
dhananjaykumarroy